खेत की करंट वाली फेंसिंग बनी मौत का जाल, दो युवकों और एक गाय की दर्दनाक मौत, गांव में मचा हड़कंप
बीना। सागर जिले के बीना तहसील अंतर्गत बसाहरी गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में खेत की तार फेंसिंग में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से दो युवकों और एक गाय की मौत हो गई। घटना शीतला माता मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
शौच के लिए जाते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान खोजाखेड़ी निवासी विकास (26) और पथरिया जेगन निवासी प्रवेश (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी टोली के साथ पिछले कुछ दिनों से बसाहरी गांव में डेरा डाले हुए थे। गुरुवार शाम दोनों शौच के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेत की तार फेंसिंग पार करने की कोशिश में वे करंट की चपेट में आ गए। वहीं पास में मौजूद एक गाय भी करंट लगने से मौके पर ही मर गई।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की जानकारी लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया। लोगों ने उन्हें सीपीआर भी दिया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, आज होगा पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही खिमलासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को सिविल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और यह भी जांच की जा रही है कि खेत की फेंसिंग में करंट किस परिस्थिति में दौड़ रहा था और इसमें किसी की लापरवाही तो नहीं थी।
गांव में पसरा मातम
एक साथ दो युवकों और एक गाय की मौत से बसाहरी गांव समेत आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


