जिला बदर आरोपी अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार, सागर के केंट पुलिस की कार्रवाई
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों, शांति भंग करने वाले व्यक्तियों और जिला बदर आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत केंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जिला बदर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में केंट थाना क्षेत्र में संदिग्ध और जिला बदर आरोपियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी गौसा उर्फ गोस मोहम्मद (42) निवासी कजलीबन टपरिया, थाना केंट, जिला सागर, जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में रह रहा है और अवैध रूप से भट्टी पर बनी जहरीली महुआ शराब बेच रहा है।
जिला बदर आरोपी अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार, सागर के केंट पुलिस की कार्रवाई https://t.co/pBAUgi8f8f pic.twitter.com/jO5lYz7iVl
— Gajendra Thakur (@kka_news) June 30, 2026
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भट्टी पर निर्मित जहरीली महुआ शराब एवं शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 49-ए, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(बी) तथा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित डोंगरे सहित प्रधान आरक्षक नीरज बांगर तथा आरक्षक भानु प्रताप चौधरी, देवेंद्र रावत, विशाल रावत, दिनेश तिवारी, नरेश, वीरेंद्र, शुभम दुबे और नारायण का सराहनीय योगदान रहा।


