सागर। एकनाथ स्मृति सेवा न्यास द्वारा संचालित निशुल्क “एकनाथ अनुशिक्षण संस्थान” में शनिवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया रहे। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत न्यास के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा पुलिस अधीक्षक का स्वागत कर की गई। अपने संबोधन में श्री सुजानिया ने एकनाथ स्मृति सेवा न्यास द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा और मेहनत के सामने आर्थिक अभाव कभी बाधा नहीं बनते।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए केवल अधिक पढ़ाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही रणनीति, समय का प्रभावी प्रबंधन और निरंतर अभ्यास भी आवश्यक है। उन्होंने असफलताओं से निराश होने के बजाय उनका विश्लेषण कर स्वयं को बेहतर बनाने की सलाह दी। साथ ही कहा कि UPSC जैसी लंबी चयन प्रक्रिया वाली परीक्षाओं में धैर्य, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच बनाए रखना सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहन अध्ययन करने और प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने की भी सलाह दी, ताकि समसामयिक घटनाओं और आधारभूत ज्ञान पर मजबूत पकड़ बन सके।
कार्यक्रम के दौरान संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी, साक्षात्कार और तनाव प्रबंधन से जुड़े प्रश्न पूछे। पुलिस अधीक्षक ने सभी सवालों के सरल एवं विस्तृत उत्तर देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
संस्थान के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 के सामने आदिनाथ मोटर्स की प्रथम मंजिल पर संचालित इस निःशुल्क अनुशिक्षण संस्थान में आधुनिक पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध है। यहां करीब 75 विद्यार्थी नियमित अध्ययन कर रहे हैं। पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित एक हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं, वहीं विद्यार्थियों के लिए वाई-फाई और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम के अंत में एकनाथ स्मृति सेवा न्यास के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर न्यास के सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में प्रतियोगी विद्यार्थी उपस्थित रहे।


