सागर पुलिस ने दिल्ली-गाजियाबाद से 3 हजार के इनामी अपहरणकर्ता को दबोचा

0

दिल्ली-गाजियाबाद से 3 हजार के इनामी अपहरणकर्ता को दबोचा, छह माह बाद नाबालिग बालिका सकुशल बरामद

सागर। जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहरण के मामले में फरार 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दिल्ली-गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब छह माह से लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिलेभर में गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश तेज की थी।

जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार बालिका एवं आरोपी की तलाश में जुटी रही।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। जांच में सामने आया कि फरार आरोपी लोकेश अहिरवार निवासी छापरी नाबालिग बालिका को अपने साथ लेकर दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र में रह रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन से विशेष पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दिल्ली-गाजियाबाद क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी लोकेश अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर सागर लाया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

गौरतलब है कि आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को सिविल लाइन पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन के उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक 330 रामसिंह, आरक्षक 551 आशीष तिवारी तथा साइबर सेल सागर के कुलदीप और सौरभ की सराहनीय भूमिका रही।

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी बालक या बालिका के गुम होने अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here