Sagar : शादी के तीन दिन बाद दुल्हन लाखों के जेवर और नकदी लेकर हुई फरार, पुलिस जांच में जुटी

0

Sagar : शादी के तीन दिन बाद दुल्हन लाखों के जेवर और नकदी लेकर हुई फरार, पुलिस जांच में जुटी

सागर। जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा पेगवार गांव में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी करने वाले 36 वर्षीय नोनीराम पटेल की नवविवाहिता पत्नी विवाह के महज तीन दिन बाद घर से नकदी और चांदी के आभूषण लेकर लापता हो गई। शिकायत मिलने के बाद जैसीनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नोनीराम पटेल ने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जानकारी देते हुए बताया कि पत्नी के निधन के बाद वे दोबारा जीवनसाथी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कंदेला निवासी रामनारायण दुबे से हुई। रामनारायण ने छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी की रहने वाली रुक्मणी चतुर्वेदी से उनका रिश्ता तय कराया। उन्हें बताया गया था कि रुक्मणी के पति की भी सड़क हादसे में मृत्यु हो चुकी है। विवाह तय कराने के एवज में रामनारायण दुबे को 1 लाख 20 हजार रुपये दिए गए थे।
नोनीराम के अनुसार, 19 जून को सागर में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी, जबकि अगले दिन मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। शादी के दौरान रुक्मणी के साथ ओडिशा निवासी अरविंद विभार भी मौजूद था, जिसे उसने अपना जीजा बताया था।
पीड़ित का आरोप है कि 21 जून की रात रुक्मणी घर की अलमारी में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब आधा किलो चांदी की करधोनी, लगभग ढाई सौ ग्राम चांदी की पायल और एक मंगलसूत्र लेकर फरार हो गई। अगले दिन सुबह परिवार के लोगों ने जब उसे घर में नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
जांच के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बताया कि देर रात एक कार गांव में पहुंची थी और उसमें मौजूद एक युवक किसी के घर का पता पूछ रहा था। जब ग्रामीणों को शादी में शामिल हुए अरविंद विभार की तस्वीर दिखाई गई तो उन्होंने उसकी पहचान उसी व्यक्ति के रूप में की।
मामले की शिकायत जैसीनगर थाने में दर्ज कराई गई है। शुक्रवार को नोनीराम दोबारा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें बताया कि विवाह कराने वाले रामनारायण दुबे से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार महिला और उसके कथित सहयोगी की तलाश जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here