वनरक्षक भर्ती में अनोखा नजारा: अकेली उम्मीदवार ने 25 किमी पैदल चलकर पास की परीक्षा, 7 पद रह गए खाली
सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी वन मंडल में वनरक्षक भर्ती के दौरान बेहद अनोखी तस्वीर देखने को मिली। पिछड़ी आदिम जनजाति बैगा, भारिया और सहरिया समुदाय के लिए निकाली गई 8 पदों की विशेष भर्ती में 25 पात्र अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन चयन प्रक्रिया में केवल एक महिला उम्मीदवार ही पहुंची। उसने अकेले ही दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मापजोख और 25 किलोमीटर की पैदल चाल परीक्षा पूरी की और सफल भी रही।
यह महिला अभ्यर्थी सीधी जिले की नहीं, बल्कि उमरिया जिले की निवासी है। वहीं अगले दिन आयोजित पुरुष अभ्यर्थियों की दौड़ में एक भी उम्मीदवार शामिल नहीं हुआ, जिसके चलते 8 में से 7 पद रिक्त रह गए।
वन विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 की विशेष भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 8 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। ऑनलाइन आवेदन के बाद 25 पात्र अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजे गए थे। चयन प्रक्रिया प्रधान मुख्य वन संरक्षक, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार गठित समिति की निगरानी में संपन्न हुई।
एकमात्र उम्मीदवार के परीक्षा में शामिल होकर सफल होने और बाकी सभी अभ्यर्थियों के अनुपस्थित रहने की यह घटना पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।


