पति की मौत के बाद ससुर और देवर पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, दोनों गिरफ्तार
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय विधवा महिला के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने अपने ससुर और देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। शुरुआती कुछ महीनों तक पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुर दहेज में मोटरसाइकिल नहीं लाने को लेकर उसे ताने देने लगे। महिला का आरोप है कि इसी दौरान ससुर की नीयत खराब हो गई और वे उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। साथ ही, अवैध संबंध बनाने के लिए भी उस पर दबाव बनाया जाता था।
पीड़िता के अनुसार, जून 2025 में उसके पति की हत्या हो गई थी। पति के निधन के बाद ससुर की हरकतें और बढ़ गईं, जिससे परेशान होकर वह अपने बच्चों के साथ मायके में रहने चली गई।
महिला ने बताया कि करीब दो महीने बाद उसका देवर उससे मिलने आया और उसने दूसरी जगह विवाह नहीं करने की बात कहते हुए खुद उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसने करीब दस महीने तक उसका शारीरिक शोषण किया। महिला का कहना है कि 12 मई को आखिरी बार उसके साथ संबंध बनाए गए थे, लेकिन जब उसने शादी की बात की तो देवर ने साफ इनकार कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ससुर और देवर दोनों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।


