सागर में पैसों के लेन-देन के विवाद में युवक की मौत, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

सागर में पैसों के लेन-देन के विवाद में युवक की मौत, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

सागर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बिजरी में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बिजरी निवासी टीकाराम लोधी (40) अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान गांव के राधे लोधी, झब्बू और अन्य लोगों के साथ उसकी बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि राधे और झब्बू ने टीकाराम के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के दौरान ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल टीकाराम को तत्काल बंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई मेघराज लोधी ने बताया कि वह अपनी मां के घर से खाना लेकर छोटे भाई टीकाराम के पास पहुंचा था। खाना रखने के बाद वह छत पर चला गया। कुछ देर बाद राधे और झब्बू वहां पहुंचे और टीकाराम के साथ मारपीट करने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर कार्रवाई शुरू की। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मारपीट में आई चोटों के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here