50 लाख की चोरी का सुराग नहीं, ग्रामीणों और जैन समाज ने उठाई न्याय की मांग
9302303212- सागर। सुरखी थाना क्षेत्र के ग्राम चतुर्भाटा में लगभग एक माह पूर्व हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में अब ग्रामीणों और जैन समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामले में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों एवं जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम चतुर्भाटा निवासी मुन्नालाल जैन के घर हुई बड़ी चोरी की घटना को लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, बावजूद इसके मामले में कोई संतोषजनक प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मांग की कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए, आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके और क्षेत्र के लोगों का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुन्नालाल जैन, बहादुर सिंह लोधी, ऋषिराम, भारत जैन, पदमलाल जैन, शिवराज सिंह, चंद्रभान प्रजापति, पंकज सिंघई, सौरभ जैन, अभिषेक जैन, सविता जैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजजन उपस्थित रहे।
एक माह बाद भी 50 लाख की चोरी का खुलासा नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद जांच की धीमी गति चिंता का विषय है और पुलिस को मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।


