सागर के रहली में युवक पर टाइगर का हमला, हाथ और पीठ पर आए गंभीर जख्म, गांव में दहशत

0

सागर के रहली में युवक पर टाइगर का हमला, हाथ और पीठ पर आए गंभीर जख्म, गांव में दहशत
सागर। सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सटे ग्राम मुहली पटना में एक युवक पर टाइगर ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुहली पटना निवासी 31 वर्षीय सुदामा यादव सोमवार को घर से चारा लेने के लिए निकला था। जब वह गांव के बाड़े के पास पहुंचा, तभी उसकी नजर एक बाघ पर पड़ी। बाघ को देखकर वह जान बचाने के लिए दौड़ने लगा, लेकिन बाघ ने पीछे से उस पर हमला कर दिया।
घायल सुदामा यादव ने बताया कि बाघ झाड़ियों में छिपा बैठा था। जैसे ही उसने बाघ को देखा, वह भागने लगा, लेकिन बाघ ने पीछे से हमला कर उसका हाथ दबोच लिया। किसी तरह हाथ छुड़ाने के बाद बाघ ने उसकी पीठ पर पंजों से वार कर दिए।
युवक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख बाघ जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सुदामा के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं और करीब 10 टांके लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने क्षेत्र में बाघ की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here