सुरखी में विकास की नई इबारत, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण

सागर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने शनिवार को सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरखड़ी, साजी और ताजपुर में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी का विकास जनता की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में कभी भेदभाव नहीं किया गया और विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उनका लक्ष्य सुरखी के हर गांव को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है।
मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, पंचायत भवन, मंगल भवन, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता और अन्य आधारभूत विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार होगा।
उन्होंने केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना योजना जैसी योजनाओं को जनकल्याणकारी बताया।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि नई सोच और नई ऊर्जा के साथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे ताकि सुरखी प्रदेश की आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत भवन, मंगल भवन, सड़कों सहित 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रहलाद कुर्मी, उत्तम बुंदेला, योगेश गोलू पड़रई, देवेंद्र जैन, अजब सिंह ठाकुर, आशाराम साहू, दिनेश साहू, रूपसिंह ठाकुर, गौरी यादव, भगत सिंह, देवेंद्र, रामकृश साहू, बलराम सिंह राजपूत, अजय सिंह, रामजी सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


