स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

सागर। स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सागर में शनिवार प्रातः 6 बजे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन विश्वविद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

स्वागत भाषण देते हुए डॉ. नीरज तोपखाने ने कहा कि शिक्षा के साथ योगाभ्यास विद्यार्थियों की एकाग्रता एवं व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थापक कुलपति डॉ. अनिल कुमार तिवारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मन, बुद्धि और शरीर के समन्वय का माध्यम है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में पिछले 12 वर्षों से नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।

डॉ. तिवारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर और मन की एकता, मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य तथा स्वस्थ जीवन शैली का संदेश देता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मिक एवं मानसिक संतुलन का भी आधार है।

इस अवसर पर योगिक विभागाध्यक्ष डॉ. गगन ठाकुर ने छात्र-छात्राओं को ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धकटि आसन, शशांकासन एवं नौकासन सहित विभिन्न योगासन कराए। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका प्राणायाम तथा हास्यासन का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम में अल्प अवधि का ध्यान सत्र भी आयोजित किया गया।

आभार प्रदर्शन आपदा निर्देशक मनीष दुबे ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन कैप्टन पी.के. दत्ता द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय स्त्री शक्ति की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा तिवारी, ए.के. सिंह, प्रशिक्षक डॉ. सारिका शुक्ला, डॉ. वीरेंद्र गौतम, डॉ. हनुमत, डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. उमेश मिश्रा, महेंद्र विश्वकर्मा सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, सहयोगी कर्मचारी एवं 332 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here