79 वर्षीय वृद्ध किसान से दिनदहाड़े लूट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई राशि बरामद

0

79 वर्षीय वृद्ध किसान से दिनदहाड़े लूट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई राशि बरामद

सागर। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना बीना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई राशि का एक हिस्सा एवं घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। फरियादी लालजू पिता स्व. रामप्रसाद कुर्मी, उम्र 79 वर्ष, निवासी ग्राम बसारी, थाना खिमलासा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 08 अप्रैल 2026 को वह बीना से कृषि उपज का भुगतान प्राप्त कर साइकिल से अपने गांव बसारी लौट रहे थे। दोपहर लगभग 1:00 बजे बीना-खिमलासा मार्ग पर धनोरा मंदिर के पास एक कार चालक ने उनकी साइकिल रोककर बातचीत शुरू की और चालाकी से उनकी जेब में रखे 15,530 रुपये झपटकर कार से फरार हो गया। फरियादी ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपी की कार का नंबर UP 94 AL 4382 नोट कर लिया, जिसके आधार पर थाना बीना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

तकनीकी साक्ष्य एवं सतत प्रयासों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बसारी टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। वाहन के स्वामी का पता लगाकर पूछताछ की गई, जिससे जानकारी मिली कि उक्त कार किराये पर पवन खरे को दी गई थी। आगे की जांच में पता चला कि घटना के समय कार विनय लिटौरिया अपने साथ लेकर गया था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी लगातार फरार हो गया था। थाना बीना पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए ललितपुर में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और दिनांक 18 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में किया अपराध स्वीकार

पूछताछ के दौरान आरोपी विनय पिता राजेश लिटौरिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी आजादपुरा, तुवन मंदिर के पीछे, ललितपुर (उ.प्र.) ने वृद्ध किसान से रुपये लूटने की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से 5,000 रुपये बरामद किए गए, जबकि शेष राशि उसने पार्टी एवं अन्य व्यक्तिगत खर्चों में खर्च करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने वृद्ध किसान को अकेला एवं असहाय देखकर वारदात को अंजाम दिया था।

आदतन अपराधी निकला आरोपी

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली ललितपुर में पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

थाना बीना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से न केवल गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध का सफल खुलासा हुआ है, बल्कि अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश भी गया है कि सागर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनूप यादव, उप निरीक्षक निशांत भगत, उप निरीक्षक आलोक सिंह (चौकी नई बस्ती, ललितपुर), प्रधान आरक्षक गजेन्द्र, आरक्षक दीप सिंह भदौरिया, युधिष्ठिर, ब्रजेन्द्र सिंह, संदीप यादव, महेश एवं राहुल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here