गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने घर से निकला था युवक बीना में मिला शव, आखिरी बार मां से फोन पर कहा था – मेरे साथ धोखा हुआ है
सागर जिले के बीना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उज्जैन निवासी अरमान पवार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अरमान 16 जून को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने रीवा जा रहा है। इसके बाद जो घटनाक्रम सामने आया, उसने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों ने बताया कि 16 जून की सुबह अरमान घर से रवाना हुआ था। उसने अपने छोटे भाई को इस बारे में किसी अन्य सदस्य को जानकारी न देने की बात भी कही थी। बाद में परिवार को पता चला कि वह रीवा गया है। उसी रात करीब 9:30 बजे अरमान ने अपनी मां को फोन किया और बताया कि वह रीवा पहुंच चुका है।
परिवार के मुताबिक फोन पर बातचीत के दौरान अरमान काफी परेशान लग रहा था। उसने अपनी मां से कहा कि उसके साथ धोखा हुआ है। बताया जाता है कि जिस युवती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए वह रीवा पहुंचा था, वह वहां मौजूद नहीं मिली। इसके बाद मां से हुई बातचीत समाप्त होने के कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिवार का उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
जानकारी के अनुसार युवती मूल रूप से रीवा की रहने वाली है, जबकि पढ़ाई के लिए उज्जैन में रहती है। अरमान और युवती उज्जैन के एग्रीकल्चर कॉलेज में साथ पढ़ते थे। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध थे।
अरमान के परिवार ने बताया कि 17 जून की रात करीब 9:30 बजे उन्हें एक छात्र का फोन आया। कॉल करने वाले ने जानकारी दी कि अरमान बीना के पास किसी रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन से गिर गया है। जब परिजनों ने उससे पूछा कि उसे यह जानकारी कैसे मिली, तो उसने उसी युवती का नाम बताया, जिससे अरमान का प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
बाद में अरमान का शव मंडीबामोरा स्टेशन से बीना की ओर लगभग 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस पूरे मामले में अरमान के परिजनों ने प्रेम संबंध को लेकर साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।


