15 जून की डेडलाइन खत्म, देर रात तक जारी हुई तबादला सूची; आज कैबिनेट में बढ़ सकती है तारीख पर चर्चा

0

15 जून की डेडलाइन खत्म, देर रात तक जारी हुई तबादला सूची; आज कैबिनेट में बढ़ सकती है तारीख पर चर्चा
भोपाल। मध्यप्रदेश में स्थानांतरण (तबादला) प्रक्रिया के लिए निर्धारित 15 जून की समय-सीमा समाप्त हो गई है। अंतिम दिन देर रात तक विभिन्न विभागों में तबादला आदेश जारी करने की कवायद चलती रही। सामान्य प्रशासन विभाग ने 155 राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए, वहीं राजस्व विभाग ने तहसीलदार-नायब तहसीलदारों के साथ 723 पटवारियों की तबादला सूची जारी की।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने 329 स्टाफ नर्स सहित अन्य कर्मचारियों के तबादले किए। लोक निर्माण विभाग, परिवहन, जल संसाधन समेत कई विभागों ने भी देर रात तक स्थानांतरण आदेश जारी किए। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात तक प्रदेशभर में 10 से 15 हजार कर्मचारियों के तबादला आदेश जारी किए जा चुके थे।
हालांकि कई विभागों में तबादला सूची अंतिम रूप नहीं ले सकी है। ऐसे में मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में कुछ मंत्री स्थानांतरण की समय-सीमा बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने रख सकते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 15 जून के बाद तबादलों की अवधि बढ़ाने का कोई विचार नहीं है।
गौरतलब है कि 20 मई को हुई कैबिनेट बैठक में तबादला नीति को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 22 मई को आदेश जारी कर सभी विभागों को 15 जून तक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे।
तबादलों की अंतिम तिथि होने के कारण सोमवार को मंत्रालय और विभागीय कार्यालयों में दिनभर हलचल बनी रही। अधिकारी तबादला सूचियों को तैयार करने, संशोधित करने और अंतिम रूप देने में जुटे रहे। कई विभागों में देर रात तक कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी करने का सिलसिला चलता रहा। अब सबकी नजर मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक पर है, जहां समय-सीमा बढ़ाने को लेकर अंतिम निर्णय सामने आ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here