विकसित भारत के संकल्प को साकार करने जनभागीदारी जरूरी : सरोज पाण्डेय

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने जनभागीदारी जरूरी : सरोज पाण्डेय

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सागर में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और सम्मेलन में हुई सहभागिता

सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को सागर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने दिनभर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर विकसित भारत के संकल्प, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

सरोज पाण्डेय ने संविधान चौक पर आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा सफाई मित्रों का सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने वृद्धाश्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर बुजुर्गों से संवाद किया। अटल पार्क में भी अपनी माताजी की स्मृति में पौधा लगाकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया।

रॉयल पैलेस में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरोज पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को परिवारवाद और व्यक्तिवाद से ऊपर उठाकर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का माध्यम बनाया है। उनके नेतृत्व में देश ने स्वच्छता, महिला सम्मान, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना पैदा की है। प्रधानमंत्री ने सफाई मित्रों के सम्मान को समाज की संस्कृति का हिस्सा बनाया है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

सरोज पाण्डेय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में सड़कों, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप संस्कृति, डिजिटल भुगतान और तकनीकी नवाचारों ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आज देश का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है।

उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने अपनी वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए न केवल अपने नागरिकों को टीके उपलब्ध कराए बल्कि अनेक देशों की सहायता भी की। महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान और युवाओं के विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया है। वहीं सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े ने विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन पर जोर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की दिशा और दशा दोनों में व्यापक परिवर्तन आया है।

कार्यक्रम के अंत में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य प्रत्येक देशवासी का संकल्प है और इसकी सफलता में समाज के प्रबुद्ध वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here