जन कल्याण शिविरों में एसडीएम और विभागाध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य
50 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
सागर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा समीक्षा बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य, खाद्य, राजस्व, नगरीय विकास एवं आवास विभाग की 50 दिनों से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संतुष्टिपूर्वक निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 50 दिवस से अधिक लंबित कोई भी शिकायत शेष नहीं रहनी चाहिए। एल-वन स्तर पर शिकायतों को अटेंड नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एल-टू स्तर पर लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
भू-अर्जन प्रकरणों का करें शीघ्र निराकरण
बैठक में लंबित भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को स्वयं मामलों का परीक्षण कर उनका त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द बंद कराया जाए।
सात दिन में पूर्ण हों जल गंगा अभियान के कार्य
जल गंगा अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन से जुड़े सभी अपूर्ण कार्य आगामी सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल करने पर भी जोर दिया गया।
जन कल्याण शिविरों में मौके पर होगा समाधान
आगामी जन कल्याण शिविरों को लेकर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्र के सभी एसडीएम एवं विभागाध्यक्ष शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, इसलिए अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
पौधरोपण और कौशल विकास पर भी जोर
बैठक में पर्यावरण संरक्षण के तहत सड़कों के किनारे एवेन्यू प्लांटेशन, सघन वृक्षारोपण तथा फलदार पौधों के बड़े पैमाने पर रोपण की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इस दिशा में निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला कौशल समिति की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, पंजीयन, प्लेसमेंट तथा पीएम इंटर्नशिप स्कीम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी जिला अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।


