फंदे पर लटका मिला महिला का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर में किराए के मकान में रह रही एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतका के पति एवं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार दीनदयाल नगर में रहने वाली सोनाली पटेल (35) का शव शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना सुंदर पटेल द्वारा पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। शनिवार दोपहर परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतका के पति खरग राम पटेल ने सुंदर पटेल एवं उसके परिजनों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सुंदर पटेल उनकी पत्नी सोनाली को अपने साथ ले गया था और मकरोनिया क्षेत्र में किराए के मकान में रख रहा था। पति का आरोप है कि सुंदर के परिवार को भी इस संबंध की पूरी जानकारी थी।
खरग राम ने आरोप लगाया कि सोनाली के पास मकान खरीदने के लिए करीब 25 लाख रुपये थे, जिनका उपयोग सुंदर पटेल ने जेसीबी, ट्रैक्टर और अन्य व्यावसायिक वाहन खरीदने में किया। उन्होंने बताया कि सोनाली द्वारा तलाक का मामला भी न्यायालय में दायर किया गया था।
परिजनों के अनुसार सोनाली मूल रूप से होशंगाबाद जिले के सराली क्षेत्र की रहने वाली थी। वर्ष 2014 में इंदौर में उसकी खरग राम पटेल से प्रेम विवाह हुआ था। दंपति का एक 9 वर्षीय पुत्र भी है। मृतका के मायके पक्ष के लोग गढ़ाकोटा क्षेत्र में निवास करते हैं। मायके एवं ससुराल दोनों पक्षों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मकरोनिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


