50 हजार लेकर कराई शादी, घर पहुंचने से पहले ही बाइक सवार संग फरार हुई युवती, थाने पहुंचे परिजन
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के बिचपुरी गांव निवासी एक युवक के साथ शादी कराने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उससे शादी का भरोसा दिलाकर 50 हजार रुपये लिए गए और युवती को उसके साथ भेज दिया गया, लेकिन घर लौटने के दौरान वह बीच रास्ते से गायब हो गई। पीड़ित ने बुधवार को मोतीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिचपुरी निवासी विनोद साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि खजुरिया में रहने वाले उसके रिश्तेदारों ने उसे सिंगरौली जिले में विवाह योग्य युवती होने की जानकारी दी थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुछ खर्च करने पर शादी हो जाएगी। रिश्तेदारों की बातों पर विश्वास कर विनोद विवाह के लिए तैयार हो गया और उनके साथ सिंगरौली चला गया।
विनोद के अनुसार, सिंगरौली के बिहारपुरा गांव के पास उसकी मुलाकात एक युवती से कराई गई। यह मुलाकात एक दलाल के माध्यम से कराई गई थी। बातचीत के बाद विनोद ने विवाह के लिए सहमति दे दी। इसके बाद युवती के परिजनों और दलाल ने उससे कहा कि उनके यहां पहले राशि देने की परंपरा है और रकम देने के बाद युवती को साथ ले जाया जा सकता है।
पीड़ित का कहना है कि उसने युवती के परिजनों को 35 हजार रुपये दिए, जबकि 10 हजार रुपये दलाल को दिए गए। इसके अलावा अन्य खर्चों में करीब 5 हजार रुपये और खर्च हुए। इस तरह कुल 50 हजार रुपये खर्च करने के बाद वह युवती को अपने साथ बाइक पर लेकर वापस लौटने लगा।
रास्ते में दोनों नाश्ता करने के लिए एक स्थान पर रुके। विनोद नाश्ता कर रहा था, तभी एक युवक बाइक लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि युवती उस बाइक पर बैठकर उसके साथ चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। घटना के बाद खुद को ठगा महसूस कर रहे विनोद ने बुधवार रात मोतीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले को लेकर मोतीनगर थाना प्रभारी जशवंत सिंह ने बताया कि युवक से शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सिंगरौली जिले की सीमा में हुई है, इसलिए संबंधित जानकारी सिंगरौली पुलिस को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई और जांच संबंधित क्षेत्र की पुलिस द्वारा की जाएगी।


