कलेक्ट्रेट परिसर में युवक का हंगामा, रामचरितमानस को लगाई आग, आत्मदाह का प्रयास
सागर। सागर कलेक्टर कार्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित रूप से पवित्र रामचरितमानस को आग के हवाले कर दिया और खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, जैसीनगर थाना क्षेत्र निवासी बहादुर चढ़ार ने गांव के ही रहने वाले मुन्ना बुंदेला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे आरोपी अपने घर ले गया, जहां खाने में पेशाब मिलाकर जबरन भोजन कराया गया।
बहादुर चढ़ार का कहना है कि वह इस मामले में लंबे समय से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग कर रहा था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और विरोध स्वरूप रामचरितमानस को आग लगा दी। इसके बाद उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौजूद लोगों ने तत्काल युवक को पकड़कर बचाया और स्थिति को नियंत्रित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि एसडीएम अमन मिश्रा ने युवक की शिकायत सुनी और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


