उधार दिए 20 लाख वापस न मिलने से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या, डायरी में लिख गया कर्जदारों के नाम
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तनाव से परेशान एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी।
मृतक की पहचान धर्मश्री इलाके में रहने वाले 45 वर्षीय कपिल तिवारी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कपिल तिवारी ने शनिवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रविवार रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे आदर्श तिवारी ने बताया कि उनके पिता ने अपने जान-पहचान और दोस्तों को करीब 20 लाख रुपये उधार दे रखे थे। इसी बीच कुछ समय पहले कपिल तिवारी के भाई का एक्सीडेंट हो गया, जिनका इलाज भोपाल में चल रहा था। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी, लेकिन जिन लोगों को रुपये दिए गए थे, वे लगातार मांगने के बावजूद पैसा वापस नहीं कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि आर्थिक दबाव और भाई के इलाज की चिंता से कपिल तिवारी काफी परेशान रहने लगे थे। इसी तनाव में आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
परिजनों के अनुसार, कपिल तिवारी एक डायरी में उन सभी लोगों के नाम और हिसाब लिखकर गए हैं, जिन्हें उन्होंने रुपये उधार दिए थे। पुलिस ने वह डायरी जब्त कर ली है और अब उसमें दर्ज नामों के आधार पर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल मोतीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।


