पुरव्याऊ टोरी पर हुई चाकूबाजी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, घायल युवक पर किया गया था हमला

0

पुरव्याऊ टोरी पर हुई चाकूबाजी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, घायल युवक पर किया गया था हमला

Ad 1

सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित काली तिगड्डा इलाके में शनिवार सुबह खून से सनी हालत में मिले युवक पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक, पुरव्याऊ टौरी निवासी अक्कू उर्फ आकाश सेन (25) ने अपने बयान में बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे वह घर लौट रहा था। इसी दौरान काली तिगड्डा के पास उसकी मुलाकात कम्मू उर्फ कमलेश नामदेव और नरेश पटेरिया से हुई। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
आकाश के अनुसार, विवाद के दौरान कमलेश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके पेट के नीचे और सीने के हिस्से में चोट आई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद नरेश ने भी उसके साथ मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए बीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296ए, 109(1), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने रविवार दोपहर करीब 3 बजे जानकारी देते हुए बताया कि घायल अक्कू उर्फ आकाश और आरोपी कम्मू उर्फ कमलेश दोनों जिला बदर अपराधी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय घायल युवक नशे की हालत में मिला था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कम्मू उर्फ कमलेश नामदेव (52) और नरेश पटेरिया (55), दोनों निवासी पुरव्याऊ टौरी, को गिरफ्तार कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here