सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात शराब पीने के लिए रुपए नहीं देने पर कुछ बदमाशों ने एक युवक पर कटर से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं लगातार सामने आ रही घटनाओं से कोतवाली क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार सदर 6 मुहाल निवासी ऋषि श्रीवास ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ऋषि ने बताया कि वह लच्छू तिराहा स्थित एक मेडिकल दुकान पर काम करता है। गुरुवार रात करीब 12:15 बजे वह अपने दोस्त नयन ठाकुर के पास भगवानगंज लस्सी पीने गया था। वहां से लौटते समय उसके साथ नयन ठाकुर और ऋषभ अहिरवार भी थे।
तीन बत्ती के नीचे पहुंचने पर पांच युवकों ने उनकी स्कूटी रोक ली और गालियां देते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने ऋषि पर कटर से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ में चोट आई।
फरियादी ने आरोपियों की पहचान वैद्य सोलंकी, आर्यन आठ्या, शैलेन्द्र उर्फ तुत्तू रैकवार, कृष्णा साहू और राजा कोरी के रूप में की है। आरोप है कि आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए बोले कि चाकूबाजी और कटरबाजी करना उनके लिए आम बात है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियां
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली थाना पुलिस की लचर कार्यप्रणाली बीते करीब डेढ़ साल से ऐसी ही सामने आ रही हैं, प्रभारी मनीष सिंघल अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित नजर आ रहे हैं, वहीं किसी हवलदार चर्चाओ में बने हैं।
क्षेत्र के लच्छू चौराहा कचरा गली, तीनबत्ती कटरा और भीतर बाजार, नया बाजार उसके आसपास का इलाका चोर उचक्कों बदमाशों का हॉट स्पॉट बनता जा रहा है। यहां लंबे समय से अवैध रूप से जुआ और सट्टा आईपीएल सट्टा संचालित होने की खबरें सामने आती रही हैं। देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
रहवासियों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


