हनी ट्रैप मामले में सागर पहुंची क्राइम ब्रांच, रेशु के घर से डिजिटल उपकरण जब्त,श्वेता विजय जैन से संबंधों की जांच तेज, परिवार से भी की गई पूछताछ
सागर। हनी ट्रैप मामले में गिरफ्तार सागर निवासी रेशु उर्फ अभिलाषा चौधरी से इंदौर क्राइम ब्रांच लगातार पूछताछ कर रही है। जांच के इसी सिलसिले में क्राइम ब्रांच की टीम एक बार फिर सागर के मकरोनिया स्थित उसके निवास पर पहुंची और वहां तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, टीम ने घर की जांच के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री अपने कब्जे में ली है। सूत्रों के मुताबिक लैपटॉप, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव समेत कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं। इसके अलावा जांच टीम ने रेशु की मां और उसकी छोटी बहन से भी पूछताछ कर कुछ जानकारियां जुटाई हैं।
श्वेता विजय जैन से कनेक्शन की पड़ताल
क्राइम ब्रांच अब भोपाल के चर्चित हनी ट्रैप मामले की मुख्य आरोपी श्वेता विजय जैन और रेशु के बीच संभावित संबंधों की भी गहराई से जांच कर रही है। दोनों का मूल निवास सागर होने के कारण पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि दोनों के बीच संपर्क किस माध्यम से और कब स्थापित हुआ था।
भाजपा नेताओं से जुड़ाव के दावों पर भी जांच
इस बीच नरयावली विधायक प्रदीप लारिया की बहू कविता लारिया ने दावा किया है कि रेशु को लेकर भाजपा प्रदेश संगठन को पहले भी शिकायत भेजी गई थी। उनका आरोप है कि रेशु स्वयं को एमपीपीएससी चयनित बताकर लोगों के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश करती थी और पार्टी कार्यालयों में भी उसकी सक्रिय मौजूदगी रहती थी।
कविता लारिया का कहना है कि रेशु भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की बैठकों में भी शामिल होने लगी थी। बाद में जब उसके दावों की वास्तविकता सामने आई तो प्रदेश संगठन को पत्र लिखकर उसे संगठनात्मक गतिविधियों से अलग रखने की मांग की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश स्तर पर भी उसे बैठकों और कार्यालयों में शामिल होने से रोकने के निर्देश जारी किए गए थे।
लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी सामने आई जानकारी
जांच के दौरान रेशु की जीवनशैली से जुड़ी कुछ बातें भी सामने आई हैं। करीबी लोगों के अनुसार, उसकी शादी छत्तीसगढ़ में हुई थी और उसका पति ओमान के मस्कट शहर में काम करता है। बताया जा रहा है कि कुछ समय विदेश में रहने के बाद वह पीएससी परीक्षा की तैयारी का कारण बताते हुए वापस सागर आ गई थी।
सागर लौटने के बाद उसने शहर के राजनीतिक और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ाना शुरू किया। पहले उसने खुद को संघ लोक सेवा आयोग में चयनित बताकर प्रभाव बनाने की कोशिश की और बाद में सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में अपनी सक्रियता बढ़ाई।




