राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा
सागर। जिला शहर कांग्रेस कार्यालय में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। साथ ही गांधीवादी नेता स्व. विट्ठल भाई पटेल की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण भी किया गया।
जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में आधुनिक भारत की नींव रखी और कंप्यूटर व संचार क्रांति के माध्यम से भारत को नई दिशा दी। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर लोकतंत्र को गांव तक पहुंचाने का कार्य किया। महेश जाटव ने कहा कि मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करना युवाओं को सशक्त बनाने की ऐतिहासिक पहल थी।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी के दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, महिलाओं के आरक्षण, पंचायती राज व्यवस्था और उपभोक्ता संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कदमों से देश को नई दिशा दी। उन्होंने दलबदल कानून बनाकर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की।
वरिष्ठ नेता राजाराम सरवैया ने कहा कि राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलकर ही युवा भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में स्व. राजीव गांधी, स्व. विट्ठल भाई पटेल, कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक की माताजी श्रीमती कांति देवी नायक, पंकज सिंघाई की माताजी किरण सिंघई तथा अलीम तज्जु के पिताजी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


