सागर : पुलिस एवं डायल-112 की संवेदनशीलता से 6 वर्षीय मासूम सुरक्षित परिजनों से मिला
सागर। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को बच्चों से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए किसी भी सूचना पर सर्वोच्च प्राथमिकता से तत्काल कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में थाना राहतगढ़ पुलिस एवं डायल-112 स्टाफ द्वारा तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता एवं सजगता का परिचय देते हुए रास्ता भटके एक 6 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।
दिनांक 20/05/2026 को शाम लगभग 07:10 बजे डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना राहतगढ़ क्षेत्र के ग्राम बरवटू के पास एक छोटा बच्चा अकेला एवं घबराई हुई अवस्था में घूम रहा है। सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 कंट्रोल रूम सागर द्वारा तत्काल राहतगढ़ एफ.आर.व्ही. को मौके पर रवाना किया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार 6 वर्षीय बालक अपनी नानी के यहां विदिशा जिले के ग्राम में आया हुआ था। खेलते-खेलते वह करीब 4 किलोमीटर दूर ग्राम बरवटू तक पहुंच गया तथा रास्ता भटक जाने के कारण अत्यंत घबराया एवं परेशान अवस्था में था। बालक इतना डरा हुआ था कि वह अपना नाम-पता अथवा परिजनों की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था।
एक जागरूक नागरिक द्वारा समय रहते सूचना देने पर डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और मासूम बालक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर थाना राहतगढ़ पहुंचाया गया। थाना प्रभारी श्री मुकेश सिंह एवं थाना स्टाफ द्वारा बालक से लगातार पूछताछ कर उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन बालक की घबराहट के कारण कोई स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
इसके उपरांत पुलिस द्वारा सक्रियता दिखाते हुए बालक का फोटो पुलिस कंट्रोल रूम एवं विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा कराया गया। रात्रि होने के कारण बालक को थाना राहतगढ़ में सुरक्षित देखरेख में रखा गया तथा उसके भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
दूसरे दिन सूचना प्राप्त हुई कि बालक थाना जैसीनगर क्षेत्र का निवासी है, जो अपनी नानी के यहां आया था और खेलते-खेलते भटककर ग्राम बरवटू तक पहुंच गया था। सूचना मिलते ही बालक के परिजन थाना राहतगढ़ पहुंचे, जहां आवश्यक पुष्टि उपरांत बालक को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहतगढ़ पुलिस एवं डायल-112 टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
थाना प्रभारी मुकेश सिंह,
उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, पुलिस कंट्रोल रूम सागर,
प्रधान आरक्षक हरि सिंह,
आरक्षक देवेश,
एफ.आर.व्ही.-32 के ए.एस.आई. हरिनारायण,
आरक्षक वैभव,
एफ.आर.व्ही.-32 के पायलट असीम एवं ऋषव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।


