पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाकर 10 रुपए राहत दे सरकार: कमलनाथ
MP। प्रदेश में लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मांग की है कि मध्य प्रदेश सरकार पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले टैक्स में कटौती कर जनता को प्रति लीटर 10 रुपए की राहत दे।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं काँग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। मंगलवार से पेट्रोल और डीजल 90 पैसे प्रति लीटर महंगे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर कीमत वृद्धि को सही ठहरा रही है, जबकि वास्तविक कारण राज्य सरकार द्वारा लगाया जा रहा भारी टैक्स है।
उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश की तुलना में पेट्रोल करीब 13 रुपए और डीजल लगभग 4 रुपए प्रति लीटर महंगा है। कमलनाथ के मुताबिक प्रदेश सरकार पेट्रोल पर 29 प्रतिशत वैट, 2.5 रुपए अतिरिक्त शुल्क और 1 प्रतिशत सेस वसूल रही है, जबकि डीजल पर 19 प्रतिशत वैट, 1.5 रुपए अतिरिक्त शुल्क और 1 प्रतिशत सेस लगाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता पेट्रोल पर 30 रुपए से अधिक और डीजल पर 20 रुपए से ज्यादा टैक्स के रूप में चुका रही है। उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त बोझ का अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने प्रदेश के प्रमुख शहरों में बढ़ी कीमतों का भी उल्लेख किया। भोपाल में पेट्रोल 110.75 रुपए और डीजल 95.91 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इंदौर और जबलपुर में पेट्रोल 110.79 रुपए, ग्वालियर में 110.69 रुपए और उज्जैन में 111.27 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं उज्जैन में डीजल 96.40 रुपए, इंदौर में 95.97 रुपए, जबलपुर में 95.98 रुपए और ग्वालियर में 95.86 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
कमलनाथ ने कहा कि सरकार यदि टैक्स कम करती है तो इससे जनता को राहत मिलेगी और राजस्व पर भी बड़ा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजल महंगा होने के कारण ट्रक और भारी वाहन दूसरे राज्यों से ईंधन भरवा रहे हैं, जबकि सीमावर्ती जिलों के लोग भी पड़ोसी राज्यों से पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। इससे मध्य प्रदेश सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है।


