एमपी के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की तैयारी, अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया होगी शुरू
भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी से जूझ रहे स्कूलों को राहत देने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद 16 जून से जैसे ही स्कूलों में नया सत्र शुरू होगा, खाली पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग दी जाएगी। विभाग ने विषयवार और जिलेवार रिक्त पदों की सूची भी जारी कर दी है।
जारी आंकड़ों के अनुसार माध्यमिक शिक्षक वर्ग में सबसे अधिक खाली पद अंग्रेजी, गणित और संस्कृत विषयों के सामने आए हैं। नियमित शिक्षकों की कमी के चलते इन विषयों की पढ़ाई कई स्कूलों में प्रभावित हो रही थी, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र से पहले ही वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया है कि जिले और विषय के अनुसार उपलब्ध रिक्तियों पर पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित स्कूलों की आवश्यकता के आधार पर एक जुलाई से अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी। विभाग का मानना है कि इससे स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित हो सकेगी और छात्रों को समय पर विषयवार शिक्षक उपलब्ध हो पाएंगे।
प्रदेशभर में 70 हजार पदों पर मिल सकता है अवसर
मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में हर वर्ष बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों की सेवाएं ली जाती हैं। इस बार भी करीब 70 हजार पदों पर अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति मिलने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले कार्यरत अतिथि शिक्षकों की सेवाएं 30 अप्रैल को समाप्त हो चुकी हैं। अब नए सत्र के लिए एक जुलाई से फिर उनकी पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए अतिथि शिक्षकों के ऑनलाइन पोर्टल पर स्कोर कार्ड तैयार किए जा रहे हैं।


