दो दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला, गले पर मिले चोट के निशान से बढ़ी हत्या की आशंका

0

दो दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला, गले पर मिले चोट के निशान से बढ़ी हत्या की आशंका

Ad 1

सागर। बांदरी थाना क्षेत्र की रजवांस चौकी के अंतर्गत खुरई रोड स्थित एक वेयरहाउस के पीछे खेत में बने कुएं से सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक पिछले दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोहित अहिरवार, पिता रघुवीर अहिरवार, निवासी इनायतपुर थाना खिमलासा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रोहित सागर में रहकर पढ़ाई कर रहा था और अपने गांव लौटने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में रजवांस क्षेत्र के पास उसका संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ने लगी। देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब रजवांस क्षेत्र स्थित रिलायंस टावर के पास युवक का मोबाइल फोन, जूते और बैग बरामद हुए। वहीं आसपास खून के निशान भी दिखाई दिए। घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूरी पर बैग मिला, जबकि पास बने शौचालय के दरवाजे और तारबंदी पर खून के बड़े धब्बे पाए गए। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच और तलाश अभियान शुरू किया।
करीब 36 घंटे तक लगातार चली खोजबीन के बाद खेत में बने एक कुएं में युवक का शव तैरता मिला। शुरुआती जांच में युवक के गले पर किसी धारदार वस्तु से हमला किए जाने जैसे निशान दिखाई दिए हैं। शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है तथा हत्या की आशंका गहराने लगी है।
परिजनों के मुताबिक रोहित सागर में अपने भाई के साथ रहकर बीएससी की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दो दिन पहले वह बस से अपने गांव इनायतपुर लौटने के लिए निकला था। उसकी अंतिम लोकेशन रजवांस-खुरई बस स्टैंड क्षेत्र के आसपास मिली थी। परिजनों ने बताया कि रोहित का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए अहम सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके, एसडीएम मनोज चौरसिया, तहसीलदार कमलेश सतनामी, थाना प्रभारी सुम्मेर जागेत, चौकी प्रभारी विजय पटेल सहित विभिन्न थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समाज के लोग भी घटनास्थल पहुंच गए।
एएसपी बोले – प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार उइके ने बताया कि मृतक खिमलासा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला था और सागर में रहकर अपने भाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। युवक ने अपने भाई को गांव जाने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। सागर के कैंट थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी और पिछले दो दिनों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को सूचना मिली कि रजवांस के पास वेयरहाउस के पीछे बने कुएं में एक शव पड़ा हुआ है। शव बाहर निकालने पर गले पर कट जैसे निशान दिखाई दिए। युवक के कपड़े और जूते भी खून से सने मिले हैं, जिससे मामला सामान्य नहीं लग रहा है। पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की सहायता से जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि जल्द रिपोर्ट मिल सके। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए युवक के साथ किसी घटना की आशंका है, हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here