चुनौतियों के समाधान का स्थान है परिवार- डॉ. प्रतिभा तिवारी

0

परिवार दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

चुनौतियों के समाधान का स्थान है परिवार” — डॉ. प्रतिभा तिवारी

सागर। अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर भारतीय स्त्रीशक्ति सागर द्वारा लक्ष्मी नगर विद्यालय में “हमारा परिवार और वर्तमान चुनौतियाँ” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

Ad 1

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए नगर अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा उपाध्याय ने परिवार से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज, अर्थव्यवस्था और जनसंख्या में हो रहे बदलाव परिवारों के जीवन को प्रभावित कर रहे हैं, जिन्हें समझना आवश्यक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं भारतीय स्त्रीशक्ति की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा तिवारी ने कहा कि आज संयुक्त और एकल परिवार दोनों की समाज में अपनी-अपनी भूमिका है, लेकिन संयुक्त परिवारों में समन्वय और सहनशीलता बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार ही चुनौतियों के समाधान का सबसे बड़ा केंद्र है। बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेकर नई पीढ़ी को संस्कार एवं परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है, ताकि हमारी संस्कृति सुरक्षित रह सके।

मुख्य अतिथि मेजर प्रतिभा तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार केवल लोगों का समूह नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। आज की व्यस्त जीवनशैली में परिवार ही व्यक्ति को संबल और नैतिक मूल्य प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस रिश्तों को मजबूत करने और अपने प्रियजनों के साथ समय बिताने का संदेश देता है।

कार्यक्रम के अंत में नगर सचिव श्रीमती सुमन तिवारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में एएनओ कमला पाण्डेय, लेफ्टिनेंट नेहा जैन, नेहा पाठक, सुलोचना तिवारी, ज्योति गौतम, आकांक्षा तिवारी, ज्योति सेन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 378 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here