सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम: ट्रक हादसे में घायल युवक की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
सागर। गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम चनौआ के पास ट्रक हादसे में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और दोषियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा गांव में स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग उठाई।
बताया जा रहा है कि चक्काजाम करीब तीन घंटे तक चला, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया। घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर रहली विधायक एवं पूर्व मंत्री Gopal Bhargava भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए नियमानुसार जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, साथ ही हरसंभव सहायता की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
5 से अधिक वाहनों को मारी थी टक्कर
पुलिस के अनुसार फरियादी राजाराम लोधी (25) निवासी जरिया खिरिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 मई को वह सब्जी लेने ग्राम चनौआ गया था और अपनी बाइक पंचायत भवन के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान सागर की ओर से आ रहा ट्रक क्रमांक MP 15 G 1978 तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए पहुंचा और सड़क किनारे पैदल चल रहे अरुण चौबे को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी पिकअप, मालवाहक ऑटो, फरियादी की बाइक सहित चार अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक ने ग्राम चनौआ निवासी राजेंद्र काछी को भी टक्कर मार दी और इसके बाद पलट गया।
हादसे में कई लोग घायल हुए थे, जिनमें गंभीर रूप से घायल अरुण चौबे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। मामले में गढ़ाकोटा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


