एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में छात्र ने लगाई छलांग, पांचवीं मंजिल से गिरने पर मौत
इंदौर। शहर के महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दुखद घटना सामने आई। हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद एक मेडिकल छात्र की मौत हो गई। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद हॉस्टल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
मृत छात्र की पहचान 28 वर्षीय अमन पटेल के रूप में हुई है। वह एमजीएम मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर का छात्र था और मूल रूप से जबलपुर का निवासी बताया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल की मर्च्युरी भेजा गया। साथ ही घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को भी दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच के तहत अमन के साथ हॉस्टल में रहने वाले छात्रों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के कारणों से जुड़ी कोई अहम जानकारी सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास जारी है।


