बंडा बृहद सिंचाई परियोजना अंतर्गत ग्राम सलैया खुर्द में विस्थापन कार्यवाही प्रारंभ
सागर। कलेक्टर सागर प्रतिभा पाल द्वारा विगत दिवस दिए निर्देशों के अनुपालन में बंडा बृहद सिंचाई परियोजना अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बंडा आरती यादव के नेतृत्व में तहसीलदार मोहित जैन, नायब तहसीलदार जीसी राय, राजस्व विभाग की टीम, सिंचाई विभाग, ईई अनिरुद्ध सिंह एवं पुलिस प्रशासन एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि द्वारा ग्राम सलैया खुर्द पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी गई थी तथा नियमानुसार सूचना प्रदान की गई थी। निर्देशों के पालन में राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं डब्ल्यूआरडी की संयुक्त टीम द्वारा परियोजना क्षेत्र में स्थित शासकीय भवनों को हटाने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं प्रशासनिक व्यवस्था के साथ संपन्न कराई गई। इसके साथ ही ग्राम में मार्च पास्ट कर ग्रामीणों को सूचित किया गया कि आगामी तीन दिवस के भीतर वे विस्थापन हेतु निर्धारित स्थानों पर अपना सामान स्थानांतरित कर ग्राम खाली करें, ताकि विस्थापन की संपूर्ण प्रक्रिया शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा सके।
कार्यवाही के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित संबंधित विभागों का अमला उपस्थित रहा। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से सहयोग बनाए रखने एवं कानून व्यवस्था कायम रखने की अपील की गई है।
साथ ही ग्राम वासियों का सम्पूर्ण सहयोग मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया गया।


