सागर मंडी में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सड़े-गले फल जब्त
सागर की फल एवं सब्जी मंडी में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खराब और संदिग्ध गुणवत्ता वाले फलों को जब्त किया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय के नेतृत्व में बुधवार को मंडी में अचानक छापेमार कार्रवाई की गई। टीम के पहुंचते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से भाग निकले।
जांच के दौरान कई दुकानों पर खराब और सड़े-गले फल पाए गए। वहीं कुछ व्यापारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला। पप्पू अख्तर नामक व्यापारी की दुकान पर बड़ी मात्रा में खराब फल मिलने के साथ लाइसेंस संबंधी अनियमितताएं भी सामने आईं। विभाग ने मौके से फलों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान अन्य फ्रूट कंपनियों समेत कई दुकानों की जांच की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों से लाइसेंस और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। जिन व्यापारियों के यहां खामियां मिली हैं, उन्हें नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंडी में निम्न गुणवत्ता और संभवतः केमिकल युक्त फलों की बिक्री की जा रही है, जिससे लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ रहा था। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई। उन्होंने साफ कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


