शाहपुर डबल मर्डर केस पर सियासत तेज, जीतू पटवारी ने पीड़ित परिवारों से मिल उठाए सवाल

0

शाहपुर डबल मर्डर केस पर सियासत तेज, जीतू पटवारी ने पीड़ित परिवारों से मिल उठाए सवाल

Ad 1

सागर। सागर जिले के सानोधा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर चौकी में शराब ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा कथित मारपीट में दो युवकों की मौत का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। मंगलवार शाम जीतू पटवारी शाहपुर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

शाहपुर पहुंचकर जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में शराब माफिया पुलिस की मिलीभगत से सक्रिय है और दो युवकों की मौत के बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस संरक्षण के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सागर पुलिस अधीक्षक से फोन पर चर्चा कर शाहपुर क्षेत्र के एसडीओपी को हटाने और मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने सागर कलेक्टर से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक फोन रिसीव नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। पटवारी ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल जवाबदेही निभानी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री निजी कार्यक्रमों के लिए सागर आ सकते हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों से मिलने का समय उनके पास नहीं है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता करार दिया।

गौरतलब है कि 8 मई की रात शाहपुर स्थित शराब दुकान पर कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान नीरज प्रजापति और सूरज अहिरवार के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शाहपुर चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। बाद में क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शाहपुर चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

पुलिस के अनुसार मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

फिलहाल शाहपुर डबल मर्डर केस को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस इसे कानून व्यवस्था की विफलता बता रही है, वहीं प्रशासन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिला रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here