30 जून तक काम पूरा नहीं तो FIR और ब्लैकलिस्टिंग : कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त अल्टीमेटम

0

30 जून तक काम पूरा नहीं तो FIR और ब्लैकलिस्टिंग : कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त अल्टीमेटम

Ad 1

सागर। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। कार्यों में देरी और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 30 जून तक अधूरे कार्य पूरे नहीं करने वाली निर्माण एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि सड़कें फिर से सामान्य स्थिति में आ सकें। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने वैकल्पिक जल स्रोतों की व्यवस्था कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जो ठेकेदार कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं, उन्हें तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए और उनके खराब प्रदर्शन का रिकॉर्ड भविष्य की निविदाओं के लिए दर्ज किया जाए।

बैठक में जल निगम की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (SIA) पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। पंचायतों के माध्यम से यूजर चार्ज वसूली और जल समितियों को सक्रिय करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 से 30 जून के बीच यदि कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित एजेंसियों पर एफआईआर और ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई होगी। वहीं निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को निलंबित किया जाएगा।

इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि ठेकेदारों के लंबित वाजिब बिलों का परीक्षण कर कार्यपालन यंत्री (ईई) सात दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here