शराब माफियाओं के हमले में दूसरे युवक की भी मौत, शाहपुर में उबाल; बाजार बंद कर लोगों ने किया चक्काजाम
सूरज अहिरवार ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही के लगाए आरोप
सागर जिले के शाहपुर में शराब माफियाओं के कथित हमले के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस मामले में घायल युवक सूरज अहिरवार की भी मौत हो गई है। इससे पहले नीरज प्रजापति ने दम तोड़ दिया था। दूसरे युवक की मौत की खबर फैलते ही शाहपुर में एक बार फिर आक्रोश भड़क उठा। रविवार सुबह से लोगों ने शव रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया और पूरे बाजार को बंद करा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात नीरज प्रजापति अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गांव में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शराब बेचने के शक में दोनों युवकों पर हमला कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 10 लोगों ने बाइक सवार दोनों युवकों को घेर लिया और लाठी, रॉड तथा लोहे की सरियों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के बाद आरोपियों ने उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने नीरज प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार का इलाज जारी था, लेकिन उसने भी देर रात दम तोड़ दिया।
मौत से पहले सूरज अहिरवार ने बताया था कि उसे रात करीब ढाई बजे होश आया तो वह घर के पास घायल हालत में पड़ा था। उसके अनुसार, कार्यक्रम से लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और शराब बेचने के संदेह में हमला शुरू कर दिया। सूरज ने कहा था कि नीरज को हमलावरों ने बुरी तरह पीटा था।
घटना के बाद शनिवार सुबह गुस्साए ग्रामीण शाहपुर स्थित शराब दुकान पहुंच गए। यहां लोगों ने जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और दुकान में आग लगाने की कोशिश भी की। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।
पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस केस में नीलेश अहिरवार, भगवान पटेल, अंकुश यादव, हर्ष सिंह लोधी और अभिषेक पटेल सहित अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

सूरज अहिरवार की मौत के बाद शाहपुर में लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। रविवार सुबह से बड़ी संख्या में नागरिक सड़क पर उतर आए और शव रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। पूरे इलाके में बाजार बंद रहा। प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


