सागर। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कप्तान विकाश शहवाल एवं एएसपी लोकेश सिन्हा के साथ नगर के अधीक्षक कश्यप और थाना पुलिस एक सुर में प्रभावी कार्यवाहियो को अंजाम तक पहुँचा रहे हैं जिसका ताजा उदाहरण सामने आया है नगर के अमूमन बड़े अपराधों पर लगाम लगना वहीं पुलिस अब अपराध होने के पहले निगरानीशुदा बदमाशों पर पैनी नजर टिकाये हुए हैं।
ताजा मामलें में नगर का महत्वपूर्ण थाना इलाका मोतीनगर की पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शहर का माहौल खराब करने की फिराक में घूम रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा और थाने लाकर पूछताछ की। इसके बाद उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनके इरादे संदिग्ध पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में लकी पिता बालकिशन कोरी (23) निवासी रंगमहल के पास इतवारी टेरी, निखिल पिता मनोज बंसल (21) निवासी गयादीन तिगड्डा और सोनू पिता राजकुमार रजक (23) निवासी संत कबीर वार्ड शामिल हैं।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि सागर की मोतीनगर पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रयासरत दिखाई दे रही है। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपराध घटित होने के पहले ही बदमाशों की धरपकड़ कर ली जाती है, जिससे शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी हुई है।


