सलाद नहीं मिला तो शादी में बवाल: खुरई के मैरिज गार्डन में जमकर मारपीट, 6 घायल
खुरई, सागर। खुरई के सागर रोड स्थित शगुन मैरिज गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। खाने में सलाद न मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। इस घटना में छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, खुरई शहरी थाना क्षेत्र में अहिरवार समाज के एक युवक की शादी का प्रतिभोज चल रहा था। इसी दौरान बीना क्षेत्र से आए लड़की पक्ष के एक व्यक्ति ने कैटरर से सलाद न मिलने की शिकायत की। कैटरर ने बताया कि सलाद काटा जा रहा है, लेकिन इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। लड़की पक्ष के लोगों ने गार्डन में रखी कुर्सियों में तोड़फोड़ भी कर दी, जिससे माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खुरई शहरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में आई, जिसके बाद शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


