7 सांसदों के इस्तीफे से सियासी भूचाल: AAP अब पहले जैसी नहीं रही – राघव चड्ढा का बड़ा बयान

0

7 सांसदों के इस्तीफे से सियासी भूचाल: AAP अब पहले जैसी नहीं रही – राघव चड्ढा का बड़ा बयान
आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यसभा के 7 सांसदों के अलग होकर बीजेपी का रुख करने से देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच Raghav Chadha ने एक वीडियो जारी कर अपने फैसले के पीछे की वजहें विस्तार से बताईं और पार्टी के अंदर के माहौल पर गंभीर सवाल खड़े किए।
सोमवार (26 अप्रैल) को इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा कि कई लोग जानना चाहते हैं कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया। उन्होंने बताया कि राजनीति में आने से पहले वे एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट थे, लेकिन देश के लिए कुछ करने की सोच के साथ उन्होंने अपना करियर छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने अपने जीवन के करीब 15 साल दिए, वह अब पहले जैसी नहीं रही। उनके मुताबिक, पार्टी के भीतर काम करने का माहौल “जहरीला” हो गया था, जहां न केवल काम करने से रोका जाता था, बल्कि संसद में अपनी बात रखने तक की आज़ादी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कुछ “भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों” के नियंत्रण में आ गई है, जो अब निजी हितों के लिए काम कर रहे हैं।
राघव चड्ढा ने बताया कि वे लंबे समय से महसूस कर रहे थे कि “वह गलत पार्टी में सही व्यक्ति हैं।” ऐसे में उनके सामने तीन रास्ते थे—राजनीति छोड़ना, पार्टी में रहकर सुधार की कोशिश करना, या फिर किसी नए मंच से जुड़कर सकारात्मक काम करना। आखिरकार उन्होंने तीसरा विकल्प चुना।
उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने अकेले नहीं लिया, बल्कि उनके साथ 6 अन्य सांसदों ने भी पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने तर्क दिया कि एक-दो लोग गलत हो सकते हैं, लेकिन सात लोग एक साथ गलत नहीं हो सकते।
अपने वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी का कार्यस्थल जहरीला हो जाए और वहां काम करने की आज़ादी न मिले, तो वहां बने रहना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वहां से अलग होना ही बेहतर विकल्प होता है।
अंत में राघव चड्ढा ने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी जनता के मुद्दों को पूरी ऊर्जा और जोश के साथ उठाते रहेंगे, और अब उन समस्याओं के समाधान पर भी ज्यादा प्रभावी तरीके से काम कर पाएंगे।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here