कलेक्टर जनसुनवाई में हंगामा: महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास
सागर। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया, महिला को काबू में लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। समय रहते उठाए गए इस कदम से बड़ा हादसा टल गया। बाद में अधिकारियों ने महिला को समझाकर शांत किया और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महिला ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सागर निवासी एक व्यक्ति उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। उसके अनुसार, दोनों ने बिहार के एक मंदिर में विवाह किया और वर्ष 2017 से 2024 तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे। इस दौरान युवक ने उससे नौकरी भी छुड़वा दी और आर्थिक रूप से उसका शोषण किया। हालांकि, बाद में उसने शादी से ही इनकार कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2025 में उसने महिला थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की पूछताछ के दौरान युवक ने शपथ पत्र देकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया और साथ रखने का समझौता भी किया, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद महिला ने दोबारा थाने में शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लगातार अनदेखी और सुनवाई न होने से परेशान होकर महिला ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह जैसा कदम उठाने की कोशिश की। महिला ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


