डिजिटल जनगणना में आगे आएं: कलेक्टर की जिलेवासियों से बड़ी अपील

0

डिजिटल जनगणना में आगे आएं: कलेक्टर की जिलेवासियों से बड़ी अपील

Ad 1

सागर। जनगणना 2027 के महाभियान के अंतर्गत कलेक्टर l प्रतिभा पाल ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए डिजिटल पोर्टल पर स्व-गणना कर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें और इस राष्ट्रव्यापी कार्य में सहयोग देकर सक्रिय भागीदारी निभाएं।

श्रीमती पाल ने बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया को अत्यंत सरल और पारदर्शी बनाया गया है। नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं भर सकते हैं। उन्होंने कहा, स्व-गणना न केवल समय की बचत करती है, बल्कि इससे डेटा की सटीकता भी सुनिश्चित होती है। यह एक सुरक्षित और सुलभ तरीका है जिससे हम देश के विकास की योजनाएं बनाने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के सफल और सरल क्रियान्वयन हेतु नागरिकों की सुविधा के लिए डिजिटल जनगणना का विकल्प अपनाया गया है। नागरिक  स्वयं ही 30 अप्रैल तक ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) प्रक्रिया अपनाकर अपनी जानकारी जनगणना हेतु सबमिट कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 4547 नागरिकों ने अपनी स्व-गणना पूर्ण कर ली है।

स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया

जनगणना 2021/2027 के लिए ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की सुविधा शुरू की है। नागरिक अब आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।

अनुभाग 1: पोर्टल में प्रवेश एवं प्रारंभिक पंजीकरण

1. पोर्टल लॉगिन: नागरिक सबसे पहले https://se.census.gov.in पर जाएँ। यहाँ अपने राज्य/संघ राज्य क्षेत्र का चयन करें और कैप्चा कोड भरकर लॉगिन करें।

2. परिवार पंजीकरण: परिवार के मुखिया का नाम और 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करें। (ईमेल आईडी वैकल्पिक है)।

ध्यान रखें कि एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक परिवार के लिए ही किया जा सकता है। मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा।

अनुभाग 2: सत्यापन एवं स्थान की पहचान

3. भाषा चयन एवं OTP: अपनी पसंदीदा भाषा चुनें और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी (OTP) दर्ज करें। चयनित भाषा को बाद में बदला नहीं जा सकता

4. स्थान का विवरण: अपने जिले, तहसील, गाँव/नगर और वार्ड/मोहल्ला जैसी भौगोलिक जानकारी दर्ज करें।

5. मानचित्र पर निवास स्थान: पोर्टल पर दिए गए मानचित्र (Map) पर लाल मार्क (पॉइंटर) को ड्रैग करके अपने घर के सटीक स्थान को चिह्नित करें तथा स्थान की पुष्टि करें।

अनुभाग 3: डेटा दर्ज करना एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण

  6. प्रश्नावली पूर्ण करना: मकान सूचीकरण और मकान गणना से संबंधित सभी प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरें। सहायता के लिए पोर्टल पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) तथा आवश्यक सूचना उपलब्ध हैं।

  7. पूर्वावलोकन एवं समीक्षा: फॉर्म सबमिट करने से पहले दर्ज की गई सभी जानकारी की जाँच कर लें। यदि कोई सुधार आवश्यक हो, तो उसे इसी चरण में कर लें। बाद में प्रस्तुत करने के लिए ड्राफ्ट के रूप में सेव करें या पुष्टि करें और सबमिट करें।

  8. अंतिम प्रस्तुतिकरण: सबमिट करें बटन पर क्लिक करके अपने डेटा को अंतिम प्रस्तुतिकरण करें। सबमिट करने के बाद डेटा में किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।

अंतिम प्रस्तुतिकरण / सफल सबमिशन के बाद, 11 अंकों की एक विशिष्ट ‘स्व-गणना पहचान संख्या’ (SE ID) जनरेट होगी, जो H अक्षर से आरंभ होगी। यह आईडी आपके मोबाइल पर SMS द्वारा भी भेजी जाएगी।

अनुभाग 4: क्षेत्रीय सत्यापन

9. प्रगणक का दौरा: जब जनगणना प्रगणक (Enumerator) आपके घर आएँ, तो उन्हें अपनी 11 अंकों की ‘स्व-गणना पहचान संख्या’ (SE ID) प्रदान करें। यदि आपकी SE ID मौजूदा रिकॉर्ड से मेल खाती है, तो आपकी जानकारी को स्वीकार कर लिया जाएगा। यदि SE ID मेल नहीं खाती है अथवा डेटा में कोई भिन्नता होती है, तो प्रगणक द्वारा मौके पर ही नई जानकारी दर्ज की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here