दहेज के लिए प्रताड़ना! विवाहिता बोली 4 लाख और कार नहीं दी तो मिली मारपीट और धमकी
सागर। जिले की 24 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, इलाज न कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, खिमलासा थाना क्षेत्र के ग्राम वाम भरछा निवासी भारती अहिरवार का विवाह 9 फरवरी 2023 को बीना निवासी हरिओम अहिरवार से हुआ था। आरोप है कि शादी में करीब 1.5 लाख रुपये, दो पहिया वाहन और गृहस्थी का सामान देने के बाद भी ससुराल पक्ष 4 लाख रुपये और कार की मांग कर रहा है। मांग पूरी न होने पर मारपीट और प्रताड़ना की जाती रही।
पीड़िता ने बताया कि जुलाई 2025 में शिकायत के बाद पति ने सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति नहीं बदली। वह टीबी से पीड़ित है, फिर भी पति इलाज में सहयोग नहीं कर रहा और फोन पर गाली-गलौज व धमकी देता है। छात्रवृत्ति के 55 हजार रुपये खाते से निकालने का भी आरोप है।
महिला की एक साल की बेटी ससुराल में है, जिसे लेकर उसे सुरक्षा की चिंता है। उसने 9 व 10 अप्रैल 2026 को अधिकारियों को आवेदन दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 15 अप्रैल को फिर एसपी से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


