मध्य प्रदेश में 6वें वेतनमान कर्मचारियों को राहत, DA में 5% की बढ़ोतरी, करीब 40 हजार कर्मचारियों को मिलेगा फायदा….
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने छठा वेतनमान प्राप्त कर रहे करीब 40 हजार कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। इस संबंध में वित्त विभाग ने बुधवार को आदेश जारी कर दिए हैं।
नई व्यवस्था के अनुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अप्रैल 2026 के वेतन से लागू होगा, जबकि इसका लाभ 1 जुलाई 2025 से प्रभावी माना जाएगा। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का DA 252 प्रतिशत से बढ़कर 257 प्रतिशत हो जाएगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक का एरियर कर्मचारियों को एक साथ नहीं, बल्कि छह समान किस्तों में दिया जाएगा। यह भुगतान मई से अक्टूबर 2026 के बीच हर महीने किया जाएगा। वहीं, इस अवधि में सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों और अधिकारियों को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त दी जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार पहले ही सातवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर चुकी है। इसके बाद उनका कुल DA 58 प्रतिशत हो गया है, जिसे अप्रैल के वेतन से लागू किया गया है।


