BMC के वरिष्ठ डॉक्टर ने कलेक्टर से की शिकायत, भाग्योदय तीर्थ ट्रस्ट पर काले धन के खेल का किया खुलासा

0

BMC के वरिष्ठ डॉक्टर ने कलेक्टर से की शिकायत, ‘काले धन’ के खेल का लगाया आरोप

Ad 1

सागर। शहर के प्रतिष्ठित भाग्योदय तीर्थ चैरिटेबल ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सर्वेश जैन ने प्रशासन से बड़ी कार्रवाई की मांग की है। डॉ. जैन ने जिलाधीश एवं रजिस्ट्रार (पब्लिक ट्रस्ट) को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि ट्रस्ट अपने सेवाभावी उद्देश्यों से भटक गया है और यहाँ बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितताएं बरती जा रही हैं।

दान की आड़ में काले धन को सफेद करने का आरोप

डॉ. सर्वेश जैन ने अपने पत्र में तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा है कि ट्रस्ट को दान में मिलने वाले काले धन को छोटी-छोटी रसीदों के माध्यम से कानूनी रूप दिया जाता है, जो सीधे तौर पर धन शोधन (Money Laundering) जैसा गंभीर मामला है। उन्होंने इसे एक ‘पाखंड’ करार देते हुए कहा कि जब देश की अर्थव्यवस्था को खोखला किया जा रहा हो, तो ऐसे में अस्पताल या मंदिर बनाने का कोई सामाजिक औचित्य नहीं रह जाता।

ऑडिट रिपोर्ट और मिसमैनेजमेंट पर उठाए सवाल

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पब्लिक फंड का उपयोग व्यक्तिगत लाभ के लिए किया जा रहा है। उन्होंने भारतीय ऑडिट व्यवस्था की खामियों पर प्रहार करते हुए कहा कि ‘क्लीन ऑडिट रिपोर्ट’ बनवाना बहुत आसान काम है, जिसके कारण ट्रस्ट के भीतर चल रहे वित्तीय गबन सामने नहीं आ पाते। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शिकायत वह समाज और जैन धर्मावलंबियों के हितों की रक्षा के लिए कर रहे हैं।

प्रशासनिक हस्तक्षेप और ट्रस्ट के हस्तांतरण की मांग
डॉ. जैन ने मध्य प्रदेश पब्लिक ट्रस्ट एक्ट (1951) का हवाला देते हुए कलेक्टर से मांग की है कि प्रशासन अपनी शक्तियों का प्रयोग करे और भाग्योदय तीर्थ ट्रस्ट की संपत्तियों को किसी अन्य समान उद्देश्य वाले पारदर्शी ट्रस्ट में स्थानांतरित किया जाए। पत्र की गंभीरता को देखते हुए इसकी प्रतिलिपियां आयकर विभाग (ITO) सागर और प्रवर्तन निदेशालय (ED) भोपाल को भी भेजी गई हैं।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित जांच एजेंसियां इस गंभीर शिकायत पर क्या रुख अपनाती हैं। इस खबर के बाद से शहर के धार्मिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here