नगाड़ों की गूंज और भक्ति के साथ मकरोनिया के राम दरबार में विराजी 60 किलो की पीतल की जलधारी
मकरोनिया (सागर): उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया स्थित श्री राम दरबार मंदिर प्रांगण में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। ब्रह्मलीन गृहस्थ संत पंडित श्री देव प्रभाकर शास्त्री ‘दद्दा जी’ महाराज के कृपा पात्र एवं मंदिर के महंत केशव गिरी महाराज के सानिध्य में भगवान नर्मदेश्वर महादेव को 60 किलो वजनी पीतल की भव्य जलधारी समर्पित की गई।
उज्जैन के कारीगरों ने 18 दिन में किया तैयार
महंत केशव गिरी महाराज ने बताया कि इस विशेष जलधारी का निर्माण उज्जैन के कुशल कारीगरों द्वारा बेहद बारीकी से किया गया है, जिसे पूर्ण होने में 18 दिन का समय लगा। भगवान शिव के अभिषेक के लिए इस जलधारी को मंदिर में स्थापित करने से पूर्व सभी उपस्थित भक्तों ने विधि-विधान से इसका पूजन किया।
महाआरती में गूंजेंगे 45 इंच के नगाड़े
मंदिर की भव्यता और आरती के आकर्षण को बढ़ाने के लिए महाराज श्री ने उज्जैन से ही 45-45 इंच के दो विशाल नगाड़े भी मंगवाए हैं। अब प्रतिदिन भगवान की महाआरती इन नगाड़ों की गूंज और मंगल ध्वनि के साथ संपन्न होगी। नगाड़ों की थाप मंदिर परिसर में एक नई आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगी।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
जलधारी पूजन और इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्य रूप से अखिलेश गौर, इंजीनियर महेंद्र गोस्वामी, राजा रिछारिया, राजेश तिवारी, रितेश तिवारी, आर.एन. दुबे, विवेक सक्सेना, नीरज गोस्वामी, विश्वेंद्र मिश्रा, सीताराम सेन, जे.एन. दुबे, सतीश दुबे, हेमंत पचौरी, राकेश गोस्वामी, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


