लापरवाही नहीं चलेगी — बालिका शौचालय, किताबें और योजना भुगतान पर कमिश्नर सख्त
सागर। कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने सागर संभाग के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूल भवनों में बालिका शौचालयों का निर्माण और मरम्मत का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कराएं। कमिश्नर ने सागर संभाग के जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर सागर संभाग की शालाओं में बालिका शौचालयों के निर्माण और मरम्मत के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि एक सप्ताह में स्कूल भवनों में बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।कमिश्नर ने एक अप्रैल से प्रारंभ हो रहे नवीन शिक्षा सत्र से पूर्व स्कूल चलें हम अभियान और प्रवेश उत्सव की समुचित तैयारियां करने के भी निर्देश सागर संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला परियोजना समन्वयकों को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाले शिक्षा सत्र के लिए छात्र-छात्राओं को निःशुल्क किताबों का वितरण समय पर करना सुनिश्चित किया जाए।कमिश्नर सागर संभाग ने उक्त निर्देश आज उच्च शिक्षा विभाग, जनजाति कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए।बैठक में कमिश्नर ने निःशुल्क किताब वितरण योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ एक सप्ताह की समय अवधि में निःशुल्क किताबों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर द्वारा अभी तक किताबों का वितरण छात्र-छात्राओं को नहीं किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा निर्देशित किया गया कि सभी महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को उनकी पात्रता के अनुरूप निःशुल्क किताबों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर ने उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित गांव की बेटी योजन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि गांव की बेटी योजना की प्रोत्साहन राशि का शतप्रतिशत वितरण 31 मार्च से पूर्व करना सुनिश्चित किया जाए।बैठक में कमिश्नर ने पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति अन्य पिछड़ा वर्ग के वितरण की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति अन्य पिछड़ा वर्ग का भुगतान भी छात्र-छात्राओं को समय पर करना सुनिश्चत किया जाए।बैठक में कमिश्नर ने आगामी एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाले शिक्षा सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सागर संभाग में स्कूल चले हम अभियान और प्रवेश उत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण करें और उत्साह के साथ प्रवेश उत्सव मनाएं। बैठक में कमिश्नर ने स्कूली छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण योजना की भी जिलेवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना के अंतर्गत जिन छात्र-छात्राओं को साईकिलों का वितरण नहीं किया गया है उन्हें साइकिलों का वितरण तत्काल करना सुनिश्चित किया जाए।बैठक में कमिश्नर ने मिशन अंकुर की प्रगति की भी जिलेवार समीक्षा की, समीक्षा के दौरान मिशन अंकुर कार्यक्रम में छतरपुर, दमोह और टीकमगढ़ की स्थिति ठीक नहीं होने पर कमिश्नर ने स्थिति में सुधार करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए।बैठक मेें कमिश्नर ने जनजाति कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।बैठक में कमिश्नर ने छात्रावास सुदृढीकरण, जनजातीय आवासीय योजना, अनुसूचित जाति बस्ती विकास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह बिसेन, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


