सागर में फिर सड़क हादसा: गाय से टकराई बाइक, तीन चचेरे भाई घायल

0

सागर में फिर सड़क हादसा: गाय से टकराई बाइक, तीन चचेरे भाई घायल

सागर। बीना के खुरई रोड पर स्थित बारधा गांव के पास सिलार पुल के नजदीक गुरुवार रात एक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक सामने आई गाय से बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक पर सवार तीन चचेरे भाई घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों की मदद से सभी घायलों को बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बीना-खुरई रोड पर आवारा मवेशियों के कारण 24 घंटे के भीतर यह दूसरी दुर्घटना है। सड़क पर मवेशियों की बढ़ती मौजूदगी से वाहन चालकों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुरुवा गांव से कन्नाखेड़ी गांव लौट रहे दुर्गा अहिरवार, कपूरे अहिरवार और गोवर्धन अहिरवार बाइक से जा रहे थे। तीनों चचेरे भाई रिश्तेदारी में दुरुवा गांव गए हुए थे और रात में अपने घर लौट रहे थे।
घायल गोवर्धन अहिरवार ने बताया कि जब वे सिलार पुल के पास पहुंचे तो अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। बाइक चालक संभल नहीं सका और वाहन गाय से टकराकर अनियंत्रित होकर गिर गया। इस हादसे में तीनों को चोटें आईं।
मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। इसके बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को बीना सिविल अस्पताल ले जाया गया।
सड़कों पर आवारा मवेशियों से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अक्सर मुख्य सड़कों और हाईवे पर मवेशियों के झुंड बैठे दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
वाहन चालक खालिक खान ने बताया कि सड़कों पर मवेशियों की समस्या लगभग हर जगह है, लेकिन बीना से खुरई तक यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती है। कई बार अचानक सामने आ जाने पर भारी वाहनों को नियंत्रित करना भी मुश्किल हो जाता है।
एक अन्य वाहन चालक सौरभ परिहार के मुताबिक गांवों के आसपास सड़कों पर मवेशियों की अधिक मौजूदगी के कारण वाहन चलाना काफी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस समस्या पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here