पैट्रोल-डीजल LPG कमी की अफवाह और कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध करें कार्रवाई – मुख्य सचिव

0

अफवाह और कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध करें कार्रवाई – मुख्य सचिव

सागर। मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन अनुराग जैन ने कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रदेश के सभी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सख्त कार्रवाई करें। मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी कमिश्नरों और कलेक्टरों को निर्देशित करते हुए कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की गलत सूचनाओं के प्रसार पर तत्काल रोक लगाएं तथा पेट्रोल, डीजल और गैस के अवैध भंडारण और कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्य सचिव ने सभी संभाग आयुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इस पर सतत रूप से ध्यान दें। मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन श्री अनुराग जैन ने उक्त निर्देश आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभाग आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को दिए।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति के संबंध में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें तथा शिकायतों के निराकरण के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित करना सुनिश्चित करें।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि सभी कलेक्टर गैस गोदामों की सूचियां पुलिस विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध कराएं तथा गैस गोदामों की सतत रूप से मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित कराई जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मप्र श्रीमती रश्मि अरुण शमी ने बताया कि मध्यप्रदेश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है, घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सीएनजी की भी कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल की कमी के संबंध में फैलाई जा रही अफवाहों को सख्ती से रोकने के प्रयास किए जाएं। अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव अनुराग जैन द्वारा प्रदेश के संभाग आयुक्तों और कलेक्टरों से चर्चा कर पेट्रोल, डीजल और गैस की वितरण व्यवस्था के संबंध में वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सागर एनआईसी में संभाग आयुक्त अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, कलेक्टर संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक विकास सहवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here