निगमायुक्त द्वारा कर बसूली के लिए गठित उड़नदस्ता दल ने विभिन्न स्थानों पर की कार्यवाई
आवासीय परिसर में व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करने पर व्यवसायिक कर लगाने एवं घरेलू नल कनेक्शन पाए जाने पर राशि की वसूली के साथ ही की गई तालाबंदी की कार्रवाई
सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार संपत्तिकर, जलकर एवं कचरा प्रबंधन शुल्क की बकाया राशि की वसूली तथा आवासीय भवनों के व्यवसायिक उपयोग की जांच हेतु गठित उड़नदस्ता दल ने सोमवार से सघन कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उड़नदस्ता दल ने शिवाजी नगर वार्ड स्थित प्रेरणा हॉस्टल का निरीक्षण किया, जहां व्यवसायिक उपयोग के बावजूद घरेलू नल कनेक्शन संचालित पाया गया। साथ ही फायर एनओसी एवं हॉस्टल संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। टीम द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई।

इसी क्रम में बीएमसी के सामने स्थित एक आवासीय परिसर में श्री नीरज यादव एवं विष्णु भाई द्वारा व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करते हुए पाए गए। जांच में यहां भी घरेलू नल कनेक्शन उपयोग में पाया गया। टीम ने पंचनामा बनाते हुए आवश्यक कार्रवाई की तथा भवन स्वामी से संपत्तिकर की 57 हजार रुपए की बकाया राशि मौके पर ही जमा कराई। इसी प्रकार शिवाजी नगर वार्ड में महेश ट्रेडर्स अनिकेत पटेल द्वारा आवासीय परिसर में व्यवसायिक उपयोग किए जाने पर तालाबंदी की गई। इसके अलावा ग्रीनवेली मैरिज गार्डन को मैरिज गार्डन शुल्क शीघ्र जमा करने हेतु चेतावनी दी गई। शिवाजी नगर वार्ड में आवासीय परिसर में नितिन पौराणिक द्वारा अमृतधारा आर ओ वाटर सप्लायर का व्यवसायिक उपयोग करने तथा कृष्णा प्रभा एवं अमल अजय के पूरी बिल्डिंग में किरायेदार रखने पर व्यवसायिक कर लगाने तथा संबंधित वार्ड के करसंग्राहकों को नोटिस देने की कार्रवाई की गई।
उड़नदस्ता दल के प्रभारी सहायक आयुक्त आनंद मंगल गुरु ने बताया कि जहां भी घरेलू नल कनेक्शन का व्यवसायिक उपयोग पाया जाएगा, वहां व्यवसायिक नल कनेक्शन में परिवर्तन की कार्रवाई के साथ बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने दल को निर्देश दिए हैं कि बकाया करों की वसूली तेज गति से की जाए तथा प्रतिदिन की कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमानुसार करों का भुगतान करें एवं भवन उपयोग संबंधी नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान अनिरुद्ध चाचौंदिया, संजय सोनी, देवकुमार चौबे, प्रमोद पांडेय, कमलेश यादव उपस्थित थे।


